गौरेला पेंड्रा मरवाही में पुराना गौरेला खैरमाई चौक में रहने वाली युवती से मोबाइल छीने जाने की घटना सामने आई है। पीड़िता कुमारी रिया साहू ने लिखित आवेदन देकर रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर अज्ञात बाइक सवारों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पूरी वारदात पास लगे सीसीटीवी में कैद हो गई है।
दरअसल, पीड़िता भारतीय स्टेट बैंक पेंड्रा रोड के पास स्थित सीएससी सेंटर में काम करती है। घटना के दिन शाम लगभग सात बजे वह काम खत्म कर अपने घर लौट रही थी। इस दौरान वह रास्ते में अपनी सहेली से मोबाइल पर बातचीत करते हुए घर की ओर पैदल जा रही थी। वह जैसे ही पुराना गौरेला, अमरकंटक रोड स्थित मदीना मस्जिद के पास पहुंची, तभी बाइक सवार दो अज्ञात युवक अचानक पहुंचे और उसका मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए।
पीड़िता के मोबाइल में जियो कंपनी का सिम लगा हुआ था। मोबाइल का आईएमईआई नंबर भी आवेदन में उल्लेखित किया गया है। घटना के बाद पीड़िता ने तत्काल थाना गौरेला पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आवेदन के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। साथ ही घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।