गौरेला-पेंड्रा-मरवाही कोटमी साप्ताहिक बाजार में सर्राफा व्यापारी प्रदीप सोनी से लूट और गोली मारकर हत्या के मामले में राजनीतिक दबाव बढ़ता जा रहा है। आज कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव और जेसीसीजे प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी मृतक व्यापारी के निवास पहुंचे तथा शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली।दोनों नेताओं ने घटना को प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़ा करने वाला बताते हुए मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि दिनदहाड़े बाजार में हुई इस जघन्य वारदात से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है और अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होना चिंता का विषय है।
अटल श्रीवास्तव और अमित जोगी ने संयुक्त रूप से पुलिस प्रशासन को 72 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यदि इस अवधि में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती है तो वे पीड़ित परिवार के साथ सड़क पर उतरकर आंदोलन करेंगे। उन्होंने राज्य सरकार से मामले की निष्पक्ष जांच के लिए सीबीआई जांच की घोषणा करने की मांग भी की। नेताओं ने परिजनों को न्याय दिलाने का भरोसा दिलाते हुए कहा कि दोषियों की गिरफ्तारी तक उनकी लड़ाई जारी रहेगी। वहीं परिजनों ने भी जल्द कार्रवाई की मांग करते हुए अपराधियों को कड़ी सजा दिलाने की अपील की है। वह मामले में आईजी बिलासपुर ने आरोपियों पर ईनाम की घोषणा कर दी है तो पुलिस मामले में सभी एंगल से जांच जारी है और आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीमें जुटी हुई और प्रयास भी कर रही है।।।पर अब तक उनके हाथ खाली है।