दुर्ग पुलिस ने म्यूल अकाउंट के माध्यम से ऑनलाइन जुआ-सट्टा नेटवर्क संचालित करने वाले तीन अंतर्राज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 81 एटीएम कार्ड, 62 बैंक पासबुक और कई डिजिटल उपकरण बरामद किए हैं। यह कार्रवाई खुर्सीपार थाना पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की संयुक्त टीम ने की।
आरोपियों द्वारा गरीब और आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को पैसों का लालच देकर उनके नाम से बैंक खाते खुलवाए जाते थे। इन खातों का उपयोग अवैध वित्तीय लेनदेन और ऑनलाइन सट्टा संचालन के लिए किया जा रहा था। आईपीएल सीजन के दौरान रांची (झारखंड) से इस नेटवर्क का संचालन किया गया और अन्ना रेड्डी ऑनलाइन बेटिंग एप्लीकेशन के माध्यम से सट्टा कारोबार चलाया जा रहा था।
दुर्ग ग्रामीण एएसपी मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि खुर्सीपार थाना पुलिस ने इस मामले में अजय मिश्रा निवासी सेक्टर-1, एवेन्यू सी, भिलाई, दीपक कुमार निवासी ग्राम नगदोई, जिला नालंदा (बिहार) और करण कुमार सिंह निवासी बालाजी नगर, खुर्सीपार को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों से एक लैपटॉप, एक हार्ड डिस्क, 13 मोबाइल फोन, 11 सिम कार्ड, 62 बैंक पासबुक, 81 एटीएम कार्ड और पांच चेकबुक बरामद किए हैं।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आईटीआई खेल मैदान, खुर्सीपार स्थित बिजली पोल के पास तीन युवक लैपटॉप और मोबाइल फोन के माध्यम से ऑनलाइन जुआ-सट्टा संचालित कर रहे हैं। उनके पास बड़ी संख्या में बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड और अन्य बैंकिंग दस्तावेज भी मौजूद हैं। सूचना के आधार पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर संदिग्धों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों के कब्जे से विभिन्न बैंकों की पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक, मोबाइल फोन, सिम कार्ड, लैपटॉप और हार्ड डिस्क बरामद किए गए। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 2.50 लाख रुपये आंकी गई है। पूछताछ में आरोपियों ने ऑनलाइन जुआ-सट्टा संचालन और अवैध वित्तीय लेनदेन में संलिप्त होने की बात स्वीकार की। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी अन्ना रेड्डी ऑनलाइन बेटिंग एप्लीकेशन के जरिए सट्टा नेटवर्क संचालित कर रहे थे। आईपीएल सीजन के दौरान वे रांची (झारखंड) में रहकर इस नेटवर्क का संचालन करते थे। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है।