छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र के नंदौरी गांव में बच्चा चोरी के शक में पांच महिलाओं के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में भीड़ में शामिल कुछ लोग महिलाओं के बाल खींचते और उनके साथ लात-घूंसों व लाठी-डंडों से मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पांचों महिलाओं को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
भीख मांगने गांव पहुंची थीं महिलाएं
जानकारी के अनुसार, कुछ महिलाएं नंदौरी गांव में घर-घर जाकर भीख मांग रही थीं। इसी दौरान बच्चे के चिल्लाने की आवाज सुनकर ग्रामीण वहां पहुंचे। बच्चा चोरी की आशंका के चलते ग्रामीणों और महिलाओं के बीच विवाद हो गया, जिसके बाद भीड़ ने महिलाओं के साथ मारपीट शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि महिलाओं के साथ आए दो लोग मौके से भाग निकले।
घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। वायरल वीडियो में महिलाओं के साथ की गई मारपीट दिखाई दे रही है। हिरासत में ली गई महिलाओं के जेवरा सिरसा क्षेत्र की रहने वाली होने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस ने बच्चा चोरी की बात से किया इनकार
मामले में दुर्ग शहर के एएसपी शोभराज अग्रवाल ने बताया कि कुछ महिलाएं भीख मांगने के लिए नंदौरी गांव पहुंची थीं। इसी दौरान किसी बात को लेकर ग्रामीणों और महिलाओं के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद महिलाओं के साथ मारपीट की घटना हुई।
पुलिस के अनुसार, फिलहाल बच्चा चोरी की बात की पुष्टि नहीं हुई है। ग्रामीणों की शिकायत के आधार पर मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। महिलाओं के खिलाफ भी नियमों के अनुसार कार्रवाई की जा सकती है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।