धमतरी जिले में लगातार हो रही बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। मॉडमसिल्ली बांध के डुबान क्षेत्र में लगे करीब 15 गांवों के किसानों की 500 एकड़ से अधिक धान की फसल पानी में डूब गई है। चनागाँव, छिन्दभर्री, मॉडमसिल्ली, अमलीपारा सहित 15 गांवों के किसानों ने बताया कि वे बांध डुबान की जमीन को लीज पर लेकर धान की खेती करते हैं। लेकिन लगातार बारिश से बांध पूरी तरह लबालब भर चुका है, जिससे उनकी धान की फसल पानी में डूबकर सड़ने-गलने लगी है। किसानों का कहना है कि कुछ दिनों में फसल पकने वाली थी, लेकिन यदि बांध का पानी कम नहीं किया गया तो पूरी फसल नष्ट हो जाएगी और भारी नुकसान उठाना पड़ेगा। किसानों ने कलेक्टर से मिलकर मॉडमसिल्ली बांध का जलस्तर कम से कम 3 फीट घटाने की मांग की है। इस पर धमतरी कलेक्टर ने आश्वासन देते हुए बताया कि जल संसाधन विभाग के अधिकारियों को बांध का पानी 3 फीट कम करने के निर्देश दिए गए हैं।