बिलासपुर में सरकंडा थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर हिंदू संगठन से जुड़े ठाकुर राम सिंह के खिलाफ दर्ज एफआईआर का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। पुलिस ने धार्मिक भावनाएं आहत करने के आरोप में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 299 और 3(5) के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की है।पुलिस के मुताबिक सोशल मीडिया पर की गई एक पोस्ट में ईरान के मुस्लिम धर्मगुरु अली खामेनेई को लेकर टिप्पणी की गई थी।
आरोप है कि उनकी मौत की खबर के बाद मिठाई बांटकर जश्न मनाया गया, जिसके बाद मुस्लिम समुदाय के लोगों ने इसकी शिकायत पुलिस से की।मामले में संत कालीचरण महाराज ने पुलिस कार्रवाई को गलत बताते हुए ठाकुर राम सिंह के समर्थन में बयान दिया है। उन्होंने कहा कि यह मामला दुर्भावनापूर्ण है और इसे तुरंत वापस लिया जाना चाहिए।संत कालीचरण ने चेतावनी दी कि यदि केस वापस नहीं लिया गया तो हजारों हिंदू एक साथ गिरफ्तारी देंगे और बड़ा आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने हिंदू समाज से इस मामले में एकजुट होने की अपील भी की है।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।