बालोद में जिले में नेशनल हाईवे-930 (बालोद से झलमला) पर हाल ही में हुई अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई पर विधायक संगीता सिन्हा ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। कलेक्टर और एसडीएम को लिखे पत्र में विधायक ने प्रशासन की पहल को सराहनीय बताया, लेकिन साथ ही 'भेदभाव' पर सवाल भी खड़े किए।
विधायक ने कहा कि कार्रवाई में गरीबों की गुमटियां और आजीविका के साधन तो छीन लिए गए, लेकिन रसूखदारों और सरकारी आवासों के कब्जों को छुआ तक नहीं गया। उन्होंने मांग की है कि ग्राम सिवनी, PWD कॉलोनी, सिंचाई कॉलोनी सहित कलेक्टर व एसपी निवास के आसपास हुए अवैध निर्माणों पर भी कार्रवाई हो, तभी जनता में 'सकारात्मक संदेश' जाएगा।
पूर्व विधायक भैयाराम सिन्हा ने भी सदर बाजार की बदहाली का जिक्र करते हुए कहा कि वहां से चारपहिया वाहन गुजरना भी मुश्किल है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि केवल गरीबों को निशाना बनाने के बजाय शहर के मुख्य अवरोधों को दूर किया जाए और प्रभावितों के पुनर्वास की व्यवस्था हो।