सरगुजा जिला के गांधीनगर थाना क्षेत्र में युवक की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरगुजा के निर्देशन में थाना गांधीनगर पुलिस एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या में प्रयुक्त चाकू और तीन मोबाइल फोन जब्त किए हैं। पुलिस के अनुसार 10 जनवरी 2026 की सुबह सूचना मिली कि अंकिता एग सेंटर के सामने डेयरी फार्म रोड पर एक अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान बबलू मंडल पिता तिवारी लाल मंडल (46 वर्ष), निवासी पालपारा सुभाषनगर थाना गांधीनगर के रूप में की। मृतक के गले में खींचने के निशान तथा पेट में चाकू के घाव पाए गए। प्रारंभिक जांच और शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में पेट में धारदार हथियार से गंभीर चोट के कारण मौत की पुष्टि हुई। इसके आधार पर धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर सुमित एक्का (20 वर्ष) निवासी केनापारा जिला बलरामपुर, हाल मुकाम पालपारा सुभाषनगर, प्रमोद तिवारी उर्फ टक्कू (22 वर्ष) निवासी मुक्तिपारा थाना गांधीनगर तथा सुस्मिता हरिला उर्फ सोनिया (22 वर्ष) निवासी सोनी मोहल्ला थाना गांधीनगर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि मृतक द्वारा गाली-गलौज, पीछा करने और धमकी देने से नाराज होकर उन्होंने मारपीट की, इसी दौरान सुमित एक्का ने चाकू से पेट पर वार कर दिया, जिससे बबलू मंडल की मौत हो गई। घटना के बाद आरोपियों ने डरकर चाकू को प्रिंसेस कॉटेज के सामने कचरा फेंकने की जगह पर फेंक दिया था, जिसे पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर बरामद कर लिया। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि मामले में शामिल महिला आरोपी का पति पूर्व में एनडीपीएस प्रकरण में जेल जा चुका है।इस कार्रवाई में थाना प्रभारी गांधीनगर निरीक्षक प्रवीण कुमार द्विवेदी, साइबर सेल प्रभारी सहायक उपनिरीक्षक अजीत मिश्रा सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारी-कर्मचारी सक्रिय रूप से शामिल रहे।