चंडीगढ़ यूटी परिवहन विभाग (सीटीयू) और हिमाचल सड़क परिवहन निगम (एचआरटीसी) के बीच बसों के संचालन पर एक बार फिर तनातनी शुरू हो गई है। दोनों परिवहन निगमों के बीच तनातनी के चलते माहौल एक बार फिर गरमा गया है। चंडीगढ़ के सेक्टर-43 स्थित बस स्टैंड (आईएसबीटी-43) में वीरवार सुबह जमकर हंगामा हुआ। सीटीयू और एचआरटीसी की बसों की टाइमिंग को लेकर जमकर बवाल हुआ। बवाल इतना बढ़ गया कि एचआरटीसी कर्मियों के साथ हाथापाई तक की गई। इसके बाद दोनों तरफ के अधिकारियों को बीच-बचाव करना पड़ा।