मनीमाजरा में विकास नगर, मौली जागरां में बुधवार देर रात एक घर में भीषण आग लगने के बाद किचन में रखा गैस सिलिंडर फट गया। धमाका इतना जोरदार था कि घर की दीवारों और लेंटर तक में दरारें आ गईं। हालांकि समय रहते घर के चारों सदस्य बाहर निकल गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया। जानकारी के अनुसार घटना रात करीब 12:45 बजे की है। मकान नंबर 216 के चौथे फ्लोर पर मौजूद योगेश ने तीसरी मंजिल से धुआं और आग की लपटें उठती देखीं। इस मंजिल पर कोई नहीं रहता था, बल्कि वहां किचन बनाया गया था। योगेश ने तुरंत नीचे सो रहे अपने पिता गिरीश, मां और भाई को जगाकर घर से बाहर निकाला।