लंदन से सोमवार देर रात पंजाब के अमृतसर पहुंची फ्लाइट से आए आठ लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। लंदन के हीथ्रो हवाई अड्डे से श्री गुरु राम दास जी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंची उड़ान में क्रू सदस्यों समेत 263 यात्री पहुंचे थे। सभी के आरटीपीसीआर टेस्ट किए गए थे। 15 घंटे बाद आई सरकारी मेडिकल कॉलेज स्थित इंफ्लुएंजा लैब की रिपोर्ट में आठ यात्रियों में कोरोना की पुष्टि के बाद हड़कंप मच गया। मंत्री ओम प्रकाश सोनी ने बताया कि संक्रमितों में दो महिलाएं और छह पुरुष शामिल हैं। इन्हें अब अमृतसर में ही क्वारंटीन किया जाएगा।