फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bihar Election: सहरसा में CM Yogi ने ऐसा क्या कह दिया की हर तरफ हो रही है चर्चा

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को बिहार के सहरसा पहुंचे, जहां उन्होंने पटेल मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित किया। यह सभा सहरसा विधानसभा क्षेत्र से एनडीए प्रत्याशी और निवर्तमान विधायक डॉ. आलोक रंजन के नामांकन के समर्थन में आयोजित की गई थी। इस दौरान योगी आदित्यनाथ ने राजद और कांग्रेस पर तीखे प्रहार किए और कहा कि एनडीए ही विकास का प्रतीक है।

सभा को संबोधित करते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि लालू प्रसाद यादव के शासनकाल में बिहार का विकास पूरी तरह ठप हो गया था। उन्होंने कहा, “लालू यादव ने सिर्फ अपने परिवार का विकास किया, राज्य की जनता का नहीं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कहते हैं कि 140 करोड़ देशवासी मेरा परिवार हैं, लेकिन लालू यादव के लिए केवल राबड़ी देवी और उनका परिवार ही सबकुछ है। वे अपने परिवार और पार्टी से आगे कुछ सोच ही नहीं सकते।”

योगी ने कहा कि एनडीए सरकार पूरे देश के सर्वांगीण विकास के लिए समर्पित है। बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बीते दो दशकों में राज्य ने विकास की नई ऊंचाइयां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि देशभर में सड़कों की कनेक्टिविटी बढ़ी है, हर जिला मुख्यालय में इंजीनियरिंग और मेडिकल कॉलेज खुल रहे हैं, रेलवे नेटवर्क का विस्तार हुआ है और अब बिहार में मेट्रो सेवा की शुरुआत भी हो चुकी है।

मुख्यमंत्री योगी ने कांग्रेस और राजद पर फर्जी वोटिंग की साजिश रचने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “इन पार्टियों को बुर्के की आड़ में फर्जी वोट डालने की आदत है। ये लोग गरीबों और दलितों के वोट पर डकैती डालते हैं। विकास की बात करने की बजाय ये केवल वोट बैंक की राजनीति करते हैं।” उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “जब तीर्थ यात्रा पर जाते हैं तो पासपोर्ट पर चेहरा दिखाना पड़ता है, लेकिन जब वोट देने की बारी आती है तो बुर्के का सहारा लिया जाता है। ये लोग बिहार की जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन उनकी साजिश सफल नहीं होगी।”

सभा के अंत में योगी आदित्यनाथ ने सहरसा जिले की सभी चारों विधानसभा सीटों से एनडीए प्रत्याशियों की भारी जीत सुनिश्चित करने की अपील की। उन्होंने मंच से उपस्थित चारों उम्मीदवारों — डॉ. आलोक रंजन (सहरसा), रत्नेश सादा (सोनवर्षा राज), संजय कुमार सिंह (सिमरी बख्तियारपुर) और गुंजेश्वर साह (महिषी) — के समर्थन में जनता से मतदान करने की अपील की।

जनसभा में स्थानीय कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भारी भीड़ उमड़ी, जिन्होंने “जय श्री राम” और “मोदी-योगी जिंदाबाद” के नारों से पूरा मैदान गूंजा दिया।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें