सूबे के पीएचईडी मंत्री सह सुपौल के छातापुर से भाजपा विधायक नीरज कुमार सिंह बबलू को सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। इसको लेकर सदर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। सदर थानाध्यक्ष अनिरुद्ध कुमार के स्वअंकित बयान के आधार पर इसको लेकर थाना कांड संख्या 489/25 दर्ज किया गया है। प्राथमिकी में बताया गया है कि 27 सितंबर की रात 12:50 बजे सदर थानाध्यक्ष ने अपना बयान दर्ज किया है। जिसमें 27 सितंबर की ही रात 12:30 बजे सोशल मीडिया पोस्ट की जानकारी मिलने की बात कही गई है। बताया गया है कि वायरल वीडियो में मंत्री नीरज कुमार सिंह बबलू के लिए आपत्तिजनक बातों के साथ गाली-गलौज की गई है। साथ ही वीडियो में मौजूद दो युवक मंत्री को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। इसको लेकर युवकों के विरुद्ध बीएनएस की धारा 352 और 351 (3) तथा आईटी एक्ट की धारा 66 डी के तहत केस दर्ज हुआ है। इधर, प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, जांच के दौरान पता चला है कि दोनों युवक अररिया जिले के नरपतगंज थाना क्षेत्र के निवासी हैं। इसमें यूट्यूबर अमन खान के घर पुलिस ने छापेमारी की। लेकिन, वहां केवल अमन का परिवार ही मौजूद था। बताया गया कि अमन और वीडियो में दिख रहा उसका दूसरा साथी भी चंडीगढ़ में रहता है। उसके यूट्यूब चैनल पर राजद के समर्थन में कई पोस्ट दिख रहे हैं। हालांकि, पुलिस कार्रवाई के बाद अमन ने अपना विवादित यूट्यूब पोस्ट हटा लिया है। सदर थानाध्यक्ष अनिरुद्ध कुमार ने बताया कि मामले में वरीय अधिकारियों के निर्देश पर प्राथमिकी दर्ज कर अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है। वहीं साइबर थानाध्यक्ष सह डीएसपी गौरव गुप्ता ने बताया कि मामला संज्ञान में आते ही कार्रवाई शुरु कर दी गई है। एक युवक के घर छापेमारी भी की गई है। दूसरे युवक की पहचान के लिए भी प्रयास जारी है। बता दें कि पीएचईडी मंत्री नीरज कुमार सिंह बबलू सुपौल के छातापुर से विधायक हैं। अररिया का नरपतगंज इलाका छातापुर से सटा हुआ है। ऐसे में पुलिस राजनीतिक बिंदु पर भी जांच में जुटी है। दरअसल, बीते दिनों मंत्री को जान से मारने की धमकी का वीडियो सामने आया था। वीडियो में मौजूद दो युवक मंत्री के लिए आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग कर रहे थे। वही इसी दौरान आपस में बातचीत करते युवक कहते दिखे कि “आप, लोगों की भीड़ में फंस जाएंगे, उसी दिन रगड़े जाएंगे।” वीडियो सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारे में हलचल तेज हो गई। मामला सामने आने के बाद मंत्री ने तत्काल जिलाधिकारी सावन कुमार और पुलिस अधीक्षक शरथ आरएस को मामले की जानकारी दी। जिसके बाद सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई।