उत्तरकाशी। योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा सहायक का प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके सैकड़ों बेरोजगार युवाओं ने प्रदेश में लंबे समय से लंबित भर्ती प्रक्रिया को लेकर आवाज बुलंद कर दी है।
मंगलवार को युवाओं ने गंगोत्री विधायक सुरेश सिंह चौहान को ज्ञापन सौंपते हुए योग व प्राकृतिक चिकित्सा सहायकों के 500 स्थायी पदों पर जल्द भर्ती शुरू करने की मांग की। प्रशिक्षित युवा शुभम मराठा, दीपक महर, देवेंद्र महर, गौरव जोशी, पंकज महर, अनिल व्यास, आकृति पंवार, सोनम रावत ने कहा कि सैकड़ों युवाओं ने योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा सहायक का रोजगारपरक प्रशिक्षण प्राप्त किया है लेकिन प्रशिक्षण पूर्ण होने के बावजूद उन्हें रोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं मिल पाए हैं।
इससे प्रशिक्षित युवा लंबे समय से बेरोजगारी का सामना कर रहे हैं। वर्तमान में प्रदेश के 13 जिलों में केवल 13 अभ्यर्थियों को ही सरकारी सेवा में नियुक्ति मिल सकी है जबकि बड़ी संख्या में प्रशिक्षित अभ्यर्थी भर्ती विज्ञप्ति जारी होने की प्रतीक्षा कर रहे हैं। वहीं, विधायक सुरेश चौहान ने उनकी मांगों को गंभीरता से लेते हुए उचित स्तर पर विषय को उठाने का आश्वासन दिया। संवाद