बड़कोट। यमुनोत्री धाम में मानसून सीजन में यमुना नदी के किनारे सुरक्षा की कोई व्यवस्था नहीं की गई है। इससे धाम में पहुंचने वाले यात्री और कांवड़िये जान जोखिम में डालकर नदी में स्नान कर रहे हैं।
ओजरी में बैली ब्रिज निर्माण पूरा होने के बाद यमुनोत्री धाम में भी यात्रियों की संख्या बढ़ गई है। प्रतिदिन एक हजार से अधिक यात्री और कांवड़िये यमुना का जल भरने पहुंच रहे हैं लेकिन मानसून सीजन में धाम में यमुना नदी के किनारे पर किसी भी प्रकार की सुरक्षा व्यवस्था नहीं है। वहां पर घाट गत वर्ष की आपदा में बह गए थे। इसलिए आज तक घाटों का निर्माण नहीं होने के कारण मानसून सीजन में यात्री नदी के बढ़े हुए जलप्रवाह के बीच स्नान कर रहे हैं। घाट में सुरक्षा के इंतजाम नहीं होने से तीर्थयात्रियों के साथ तीर्थ पुरोहितों व स्थानीय लोगों में भी काफी नाराजगी है। संवाद