नियमितिकरण और समान कार्य-समान वेतन को लेकर हड़ताल पर हैं कर्मी
नई टिहरी। उपनल कर्मियों के हड़ताल पर जाने से सरकारी विभागीय कार्यों पर असर देखने को मिल रहा है। हालांकि जिला मुख्यालय स्थित कुछ सरकारी विभागों में उपनल कर्मी सामान्य दिनों की तरह ही कार्य करते हुए दिखे। सबसे अधिक असर ऊर्जा निगम, जिला निर्वाचान कार्यालय में देखने को मिल रहा है। उक्त विभागों की व्यवस्थाएं अधिकांश उपनल कर्मियों के भरोसे चल रही है।
उपनलकर्मी नियमितिकरण और समान कार्य, समान वेतन की मांग को लेकर देहरादून में धरने पर हैं। टिहरी जिले के विभिन्न सरकारी विभागों में उपनल कर्मी बड़ी संख्या में कार्यरत हैं। कर्मियों के हड़ताल पर चले जाने से विभागों में कार्यरत स्थायी और संविदा कर्मियों पर काम का बोझ बढ़ने लगा है।
ऊर्जा निगम नई टिहरी शाखा संगठन के अध्यक्ष सुनील बिजल्वाण ने बताया कि अकेले ऊर्जा निगम के विभिन्न अनुभागों में 168 कर्मी कार्यरत हैं। जिले में सबसे अधिक उपनल कर्मी ऊर्जा निगम में कार्यरत हैं। उपनल कर्मचारी संगठन के जिलाध्यक्ष महेश उनियाल ने बताया कि जिले के विभिन्न सरकारी विभागों में लगभग 1860 कर्मी कार्यरत हैं।
उपनल कर्मी नियमितिकरण और समान कार्य, समान वेतन की मांग को लेकर देहरादून में आंदोलनरत हैं। उन्हें सूचना मिली है कि उनके कई साथी अभी भी विभागों में पहले की तरह नियमित रूप से कार्यरत कर रहे है। यह संगठन के हित में नहीं हैं। यह लड़ाई सभी कर्मियों के हितों के लिए लड़ी जा रही हैं। सभी को एक मंच पर आकर लड़ाई लड़नी होगी तभी सफलता मिलेगी। शीघ्र ही एक टीम के साथ टिहरी आएंगे और विभागों में जाकर उपनल कर्मियों से एक मंच पर आने की अपील करेंगे। साथ ही चेतावनी भी जारी की जाएगी। जिसके बाद संगठन की ओर से उचित निर्णय लिया जाएगा।
इधर ऊर्जा निगम के अधिशासी अभियंता अमित आनंद ने बताया कि उपनल कर्मियों के हड़ताल पर जाने से कामकाज में दिक्कतें तो आ रही है लेकिन विभाग में आउटसोर्स के माध्यम से कार्यरत कर्मियों से विद्युत लाइन मरम्मत सहित अन्य कार्यों को करवाया जा रहा है।