पुरोला। रवांई घाटी की पहचान रामा व कमल सिरांई (लाल धान) की फसल पर इस वर्ष अनुकूल मौसम और समय पर हुई बारिश का सकारात्मक असर देखने को मिला है। सोमवार को दणमाणा गांव में राजस्व विभाग की टीम ने क्रॉप कटिंग कर फसल उत्पादन का आकलन किया जिसमें उपज सामान्य दर्ज की गई।
उपजिलाधिकारी मुकेश रमोला की मौजूदगी में दो चयनित खेतों में 30-30 वर्ग मीटर क्षेत्रफल पर क्रॉप कटिंग की गई। पहले खेत में 12.89 किलोग्राम और दूसरे खेत में 12 किलोग्राम धान की उपज प्राप्त हुई। वहीं, सहायक सांख्यिकी अधिकारी अंकित नेगी ने बताया कि क्रॉप कटिंग के जरिए फसल की वास्तविक उपज का वैज्ञानिक आकलन किया जाता है। इस दौरान क्षेमा इंश्योरेंस कंपनी की प्रतिनिधि किरण चौहान, राजस्व उपनिरीक्षक विरेश कुमार, ऊषापति भट्ट मौजूद रहे। संवाद