उत्तरकाशी। वार्ड नंबर आठ जोशियाड़ा के लोगों ने जिला प्रशासन से जल्द बरसात में जलभराव की समस्या के समाधान के लिए ठोस इंतजाम करने की मांग की है। लंबे समय से प्रशासन और विभागीय अधिकारी वहां पर मात्र निरीक्षण कर जिम्मेदारियों से बच रहे है। लोगों ने पांच दिन में समस्या हल नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
वार्ड नंबर आठ जोशियाड़ा के आशीष नेगी, किशन भंडारी, अवतार परमार, बृजपाल सरवाल, खुशपाल भंडारी आदि लोगों ने मंगलवार को जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि वे लंबे समय से कालेश्वर मंदिर मार्ग पर होने वाले जलभराव को रोकने के लिए निम रोड से पानी का डायवर्जन सहित नालियों के निर्माण किया जाए। हर वर्ष सिंचाई सहित नगर पालिका और प्रशासन के अधिकारी निरीक्षण करते हैं लेकिन जलभराव की समस्या से अभी तक निजात नहीं मिल पाई है। नगरवासियों ने इन समस्याओं के साथ ही मनेरा बाईपास पर हो रहे भूस्खलन जोन का ट्रीटमेंट सहित वहां पर आवाजाही को सुरक्षित करने की मांग की है। संवाद