- संकरी गलियों, नालियों व रास्तों में जलभराव के कारण घरों में भी पानी घुसने का खतरा
उत्तरकाशी। नगर क्षेत्र के जोशियाड़ा में मार्च की बरसात में ही जलभराव की समस्या से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शुक्रवार को हुई बारिश से जोशियाड़ा के तहत आने वाले वार्ड नंबर नौ और आठ के कुछ क्षेत्रों में जलभराव हुआ। इस कारण लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों का कहना है कि अभी अगर यह स्थिति है तो बरसात के दौरान यह आपदा का रूप ले लेगी जिससे लोगों को कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ सकता है। स्थानीय निवासी पमिता थपलियाल, सुनील सिंह, दीपक आदि ने बताया कि शुक्रवार को हुई बारिश से पवित्रा लीला बाल वाटिका विद्यालय के आसपास की गलियों सहित रास्तों में जलभराव देखने को मिला। इसके साथ ही कालेश्वर मंदिर मार्ग भी रास्तों में पानी भरने के कारण लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ा। संकरी गलियों और नालियों व रास्तों में जलभराव के कारण घरों में भी पानी घुसने का खतरा बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने कहा कि कई बार प्रशासन और पालिका से जलभराव की समस्या के समाधान के लिए ठोस योजना बनाने की मांग की गई। लेकिन हर बार आश्वासन दिया जाता है कि कार्य शुरू किया जाएगा। लेकिन आज तक कार्रवाई नहीं की गई। कहा कि अभी यह मार्च माह में हुई बरसात में यह स्थिति है। तो आगामी बरसात में यह समस्या ओर भी विकराल हो जाएगी। कहा कि हर वर्ष बरसात में लोगों को जलभराव की समस्या के कारण परेशान होना पड़ता है।