कंकराडी गांव के पहाड़ी ढाल पर 15 नाली बंजर भूमि को एक इंची पाइप लाइन के पानी से प्रगतिशील किसान दलवीर सब्जी उत्पादन कर सालाना तीन लाख से ज्यादा की कमाई कर रहे हैं।
वे खेती के लिए आधुनिक कृषि यंत्र बर्मी कंपोस्ट ड्रिप तथा माइक्रो स्प्रिकलर सिंचाई की आधुनिक पद्धति का प्रयोग करते हैं। जिला मुख्यालय के नजदीकी क्षेत्र में किसान की कामयाबी से प्रभावित होकर भुवनेश्वरी महिला आश्रम ने इसके खेत को ही प्रशिक्षण केंद्र मानकर यहां पर इन्हें भटवाड़ी ब्लाक के 22 गांवों के किसानों को प्रशिक्षण देने का जिम्मा सौंपा है।
इस सीजन में दलवीर ने 200 वर्ग मीटर के एक पॉलीहाउस तथा कुछ खुले खेतों में 16 क्विंटल ब्रोक्ली उगा कर 96 हजार रुपये कमाए। इस बार उन्होंने खेतों में 60 क्विंटल चप्पन कदू भी तैयार किए।
चप्पन कद्दूू की उन्नत प्रजाति की एक बेल पर 27-28 तक कद्दू लगे हैं। मूली, पालक, खीरा, बैंगन, मटर के साथ वे मशरूम का उत्पादन भी कर रहे हैं।
खेतों के किनारे अनुपयोगी जमीन पर उन्नत किस्म के आडू, अखरोट लगा कर भी अच्छी कमाई की जा रही है। दलवीर बताते हैं कि नगर के व्यापारी यहीं आकर खेतों से सब्जी खरीद लेते हैं।
जंगली जानवरो से फसल को बचाने के लिए उन्होंने खेती के पास ही घर बना रखा है। तथा कुत्ते पाल रखे हैं।