उत्तरकाशी। सीडीओ एसएल सेमवाल ने बताया कि त्रिस्तरीय पंचायतों की मतदाता सूची में मतदाताओं के नाम जोड़ने या संशोधन के लिए अब 22 मार्च तक दावा और आपत्तियां दर्ज कर सकते हैं।
सीडीओ ने कहा कि राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से पूर्व में ग्रामीण क्षेत्रों में निवास करने वाले मतदाताओं के लिए त्रिस्तरीय पंचायतों के सामान्य निर्वाचन 2025 के प्रयोगार्थ मतदाता सूची का प्रकाशन किया है, जिसमें समस्त खंड विकास अधिकारियों, एसडीएम, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को निर्देशित किया गया था। जिन मतदाताओं के नाम सूची में दर्ज होने से छूट गए हैं। उनके लिए 1 से 15 मार्च तक विशेष अभियान चलाए जाने का कार्यक्रम निर्धारित किया गया है।
राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से कार्यक्रम में संसोधन करते हुए 22 मार्च तक चलाए जाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में निवास करने वाले मतदाताओं को 22 मार्च तक किसी भी कार्य दिवस में विकास खंड कार्यालय, एसडीएम, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के कार्यालय में मतदाता सूची सं संबंधित किसी भी प्रकार का दावा या आपत्ति दर्ज कर सकते हैं। संवाद