क्षेत्र में नियमित स्वास्थ्य सुविधाओं और चिकित्सकीय जांच की व्यवस्था है सीमित
ग्रामीणों को सामान्य बीमारियों के उपचार के लिए भी जाना पड़ रहा है सीएचसी में
पुरोला। विकासखंड मोरी की सुदूरवर्ती बडासु पट्टी के गंगाड़, ढाटमीर, पंवाणी और ओसला गांवों में वायरल के मामले बढ़ने से ग्रामीणों में चिंता है। क्षेत्र में नियमित स्वास्थ्य सुविधाओं और चिकित्सकीय जांच की व्यवस्था सीमित होने के कारण ग्रामीणों को सामान्य बीमारियों के उपचार के लिए भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मोरी जाना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों में वायरल के साथ हाथ-पैरों में जलन की शिकायत सामने आ रही है। हालांकि अधिकांश मरीजों की स्थिति सामान्य बताई जा रही है। ढाटमीर निवासी राजपाल रावत, सैन सिंह व प्रताप सिंह और गंगाड़ निवासी रमेश चौहान ने बताया कि चार दिन पहले स्वास्थ्य विभाग की टीम ने क्षेत्र में शिविर लगाकर मरीजों की जांच की थी और आवश्यक दवाइयां वितरित की थी।
ग्रामीणों का कहना है कि सांकरी से बडासु पट्टी तक निर्माणाधीन सड़क की स्थिति पहले की तुलना में बेहतर हुई है लेकिन समय पर चिकित्सकीय जांच और दवाइयों की नियमित उपलब्धता नहीं होने से परेशानी बनी हुई है। खासकर बुजुर्गों और महिलाओं को छोटी बीमारी के उपचार के लिए भी लंबी दूरी तय करनी पड़ती है।
सीएचसी मोरी के प्रभारी डॉ. नितेश रावत ने बताया कि गंगाड़ एलोपैथिक अस्पताल के चिकित्सक को व्यवस्था के तहत मोरी से संबद्ध किया गया है। चिकित्सक सप्ताह में दो दिन गंगाड़, ओसला, ढाटमीर और पंवाणी में स्वास्थ्य शिविर लगाकर मरीजों की जांच और दवाइयां वितरित करते हैं। उन्होंने बताया कि चार दिन पहले भी बुखार और जुकाम से पीड़ित मरीजों की जांच कर दवाइयां दी गई थीं।