समस्या हल नहीं होने पर फूटा गुस्सा, बोले-भालू गांव में घूम रहा, लोगों का बाहर निकलना हुआ मुश्किल
उत्तरकाशी/भटवाड़ी। भटवाड़ी विकासखंड मुख्यालय और आसपास के गांवों में बढ़ रही भालू की दहशत पर स्थानीय लोगों का गुस्सा एक बार फिर फूट पड़ा। ग्रामीणों ने वन विभाग के कार्यालय में पहुंचकर अधिकारियों का घेराव किया। उनका कहना है कि हर दिन भालू गांव के बीच में घूम रहा है। वहीं कई लोगों पर हमला कर घायल कर चुका है लेकिन विभाग की ओर से भालू को मारने और उसको रोकने के लिए कोई कदम नहीं उठाया जा रहा है।
जनपद के भटवाड़ी विकासखंड के मुख्य गांव और अन्य गांवों में बढ़ रही भालू की दहशत के बाद अब लोगों में भारी आक्रोश बना हुआ है। बीते बुधवार को भटवाड़ी गांव के बीच शाम छह बजे के दौरान भालू की चहलकदमी के बाद लोगों को गुस्सा एक बार फिर फूट पड़ा। ग्रामीणों ने कहा कि पूर्व में वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों का घेराव किया गया लेकिन समस्या जस की तस बनी है।
विकासखंड के तहत अब तक भालू करीब दस लोगों को घायल कर चुका है लेकिन अभी तक किसी प्रकार की उचित कार्रवाई नहीं की जा रही है। वहीं भालू की चहलकदमी के कारण लोगों का सूर्यास्त होने के बाद घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। इन दिनों क्षेत्र में शादी समारोह का समय चल रहा है लेकिन भालू की दहशत के कारण लोग रात को शादियों में ही नहीं जा पा रहे हैं। इससे गुस्साए लोगों ने भटवाड़ी में वन विभाग कार्यालय में मौजूद एसडीओ रश्मी ध्यानी, रेेंज अधिकारी रूपमोहन नौटियाल, वन दरोगा नरेंद्र सिंह और बीट अधिकारी अत्तर सिंह का घेराव किया। वहीं वन विभाग के अधिकारियों ने ग्रामीणों ने उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर किसी प्रकार उन्हें शांत करवाया। इस दौरान विवेक नौटियाल, राजकेंद्र सिंह, विपिन राणा, इंद्रेश नौटियाल, बुद्धि लाल, कृष्ण प्रताप, लोकमणी प्रसाद, प्रकाश चंद्र, विवेक सेमवाल, विरेंद्र प्रसाद, राजन आदि मौजूद रहे।