गांव में मादक पदार्थों के सेवन व कारोबार पर पूरी तरह रहेगी रोक
नियमों का उल्लंघन करने वालों पर लगाया जाएगा पांच हजार का जुर्माना
पुरोला। विकासखंड की बड़ासू पट्टी के ढाटमीर गांव में नशे के बढ़ते प्रचलन के खिलाफ महिलाओं ने सामाजिक स्तर पर बड़ा कदम उठाया है। महिला समिति के नेतृत्व में गांव को नशामुक्त बनाने का संकल्प लेते हुए मादक पदार्थों के सेवन और कारोबार पर पूरी तरह रोक लगाने का निर्णय लिया गया है। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर पांच हजार रुपये का जुर्माना और एक बकरा दंडस्वरूप देने का प्रावधान किया गया है।
एक अगस्त को आयोजित ग्रामसभा में महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं ने सर्वसम्मति से नशे के खिलाफ अभियान चलाने का निर्णय लिया। महिला समिति की ओर से गांव में पोस्टर जारी कर स्पष्ट किया गया है कि शराब, अफीम, स्मैक, चरस, गांजा समेत सभी प्रकार के मादक पदार्थों का सेवन, खरीद-फरोख्त और भंडारण पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
सामाजिक कार्यकर्ता राजपाल रावत और महिला समिति की सदस्य लाली देवी व जगूड़ी देवी ने बताया कि गांव में यदि कोई व्यक्ति नशा करते, नशीले पदार्थ बेचते या अपने पास रखते हुए पकड़ा जाता है तो उससे पांच हजार रुपये का नकद जुर्माना वसूला जाएगा। इसके साथ ही उसे एक बकरा भी दंडस्वरूप देना होगा।
उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर नियमों का पालन कराने के लिए प्रशासन और पुलिस का सहयोग भी लिया जाएगा। बैठक में पूर्व प्रधान ठाकुर सिंह, पूर्व प्रधान बरू सिंह, स्याणा शीशपाल रावत, राजिनंद, राय सिंह, ग्राम प्रधान हरि सिंह, लाली देवी, जगूड़ी देवी, ज्यादी देवी, रामूलाल आदि मौजूद रहे।