डुंडा के रेणुका मंदिर परिसर में आयोजित विकास मेले में देवडोलियों के साथ नृत्य करतीं महिलाएं।
- फोटो : UTTER KASHI
डुंडा देवीधार स्थित रेणुका माता मंदिर प्रांगण में बुधवार को देव डोलियों के सानिध्य में जिले के स्थापना दिवस पर आयोजित तीन दिवसीय विकास मेले का शुभारंभ हुआ। इस मौके पर क्षेत्र के ग्रामीणों ने देव डोलियों के साथ नृत्य कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।
जिले के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य पर हर साल मां रेणुका समिति डुंडा गांव की ओर से तीन दिवसीय मेले का आयोजन किया जाता है। बुधवार को मां रेणुका माता मंदिर परिसर में मेले का शुभारंभ रेणुका देवी, कचडू देवता, नागराजा देवता, रिंगाली देवी, समेश्वर देवता के सानिध्य में विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुआ।
विकास मेले में डुंडा, रनाड़ी, अस्तल, भकड़ा, खट्टूखाल, वीरपुर, देवीधार समेत दर्जनों गांव के ग्रामीण शामिल हुए। इस अवसर पर लोगों ने देव डोलियों के साथ रासौं तांदी नृत्य कर क्षेत्र की खुशहाली के लिए देव डोलियों से आशीर्वाद लिया। मेला समिति के अध्यक्ष गजेंद्र परमार ने कहा कि कोरोना महामारी और जोशीमठ आपदा को देखते हुए मेला सादगी से मनाया जाएगा। इस मौके पर ओम प्रकाश भट्ट, गंगाधर जोशी, पदम दत्त जोशी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष कविता परमार, प्रधान पुष्पा भट्ट, राजेंद्र भट्ट, वीरेंद्र बिष्ट, दुर्गा जोशी सहित कई लोग मौजूद थे।