कांवड़ मार्गों से हटाया अतिक्रमण, यातायात के लिए करें व्यवस्थित
उत्तरकाशी। कांवड़ यात्रा के मद्देनजर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। यातायात पुलिस और कोतवाली उत्तरकाशी की संयुक्त टीम ने जनपद मुख्यालय स्थित कांवड़ मार्ग पर विशेष अभियान चलाकर सड़क पर किए गए अतिक्रमण को हटाया। पुलिस टीम ने राष्ट्रीय राजमार्ग और प्रमुख मार्गों पर सड़क किनारे फैले दुकानों के सामान, रेहड़ी-ठेलियां और निर्माण सामग्री को हटवाकर यातायात के लिए मार्ग को व्यवस्थित कराया।
पुलिस का कहना है कि कांवड़ यात्रियों, शिवभक्तों और आम लोगों को भीड़भाड़ के दौरान सुरक्षित और निर्बाध आवागमन उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत व्यापारियों और रेहड़ी-ठेली संचालकों को साफ निर्देश दिए गए कि वे दुकानों का सामान निर्धारित सीमा के भीतर रखें।
पुलिस ने हिदायत दी कि सड़क पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न करें। रेहड़ी-ठेलियां केवल चिन्हित और पर्याप्त स्थान वाले क्षेत्रों में ही संचालित करने को कहा गया। इसके साथ ही वाहन चालकों को निर्धारित पार्किंग स्थलों का प्रयोग करने की हिदायत दी गई ताकि कांवड़ यात्रा के दौरान जाम और अव्यवस्था की स्थिति से बचा जा सके। पुलिस ने बताया कि श्रद्धालुओं की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए मार्गों को खुला और व्यवस्थित रखा जाएगा। उत्तरकाशी पुलिस ने लोगों से आह्वान किया है कि कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाने में प्रशासन का सहयोग करें और यातायात नियमों का पालन भी करें।