उत्तरकाशी जिले के नौगांव क्षेत्र में भालू के हमले की घटना सामने आई है। कफनौल गांव के रणवीर सिंह कफोला पर जंगल में बकरियां चराने के दौरान भालू ने हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कफनौल में प्राथमिक उपचार देने के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए हेली एंबुलेंस के माध्यम से हायर सेंटर देहरादून रेफर किया गया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, कफनौल गांव निवासी रणवीर सिंह कफोला(50) पुत्र दयाराम कफोला रोज की तरह बकरियां लेकर गांव के पास स्थित जंगल में गए थे। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे भालू ने अचानक उन पर हमला कर दिया। उनके साथ मौजूद दूसरे बकरीपालक ने शोर मचाया, जिसके बाद भालू जंगल की ओर भाग गया।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण जंगल पहुंचे और घायल रणवीर सिंह को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कफनौल पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए प्रशासन से हेली एंबुलेंस की मांग की। इसके बाद घायल को कफनौल से करीब आठ किलोमीटर दूर धारी कलोगी से एयरलिफ्ट कर हेली एंबुलेंस के जरिए हायर सेंटर देहरादून भेजा गया।
वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची
भालू के हमले की सूचना मिलने पर मुंगरसन्ति रेंज के वन क्षेत्राधिकारी विवेक चौहान अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि घायल के उपचार से संबंधित चिकित्सकीय रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार मुआवजे की कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों में भय का माहौल
जंगल में भालू के हमले की इस घटना से कफनौल और आसपास के क्षेत्र के ग्रामीणों में भय बना हुआ है। स्थानीय लोगों में जंगल में जाने और मवेशियों को चराने के दौरान वन्यजीवों के हमले का खतरा बढ़ने को लेकर चिंता है। ग्रामीणों को अब घायल व्यक्ति के जल्द स्वस्थ होने का इंतजार है।