महापंचायत पर ड्रोन कैमरों की नजर
पुलिस ने महापंचायत के कार्यक्रम पर ड्रोन और अन्य वीडियोग्राफी कैमरों से नजर रखने की बात कही है। इसके साथ ही चप्पे-चप्पे की निगरानी के लिए पुलिस जवान तैनात रहेंगे। इससे पूर्व जनाक्रोश रैली में भी पुलिस ने ड्रोन व अन्य कैमरों से निगरानी की थी। पथराव करने वालों का पता लगाने में भी पुलिस को ड्रोन कैमरों की वीडियो फुटेज काम आयी थी।
टिहरी से पहुंचे एएसपी जेआर जोशी
महापंचायत के लिए पहुंचे अतिरिक्त पुलिस बल में टिहरी में तैनात अपर पुलिस अधीक्षक जेआर जोशी भी उत्तरकाशी पहुंच गए हैं। उनके अलावा अतिरिक्त पुलिस बल में 4 सीओ, 9 इंस्पेक्टर, 5 सब-इंस्पेक्टर, 9 सहायक सब इंस्पेक्टर और दो कंपनी पीएसी को बुलाया गया है। इसके अलावा जनपद के मनेरी, हर्षिल, धरासू, बड़कोट, पुरोला व मोरी आदि थानों में तैनात अधिकारियों भी मुख्यालय में बुलाया गया है। सबसे ज्यादा अतिरिक्त पुलिस बल हरिद्वार से पहुंचा है।
कौन हैं टी राजा
टी राजा वर्तमान में हैदराबाद के विधायक हैं जो अपनी तल्ख धार्मिक टिप्पणियों के कारण चर्चा में रहते हैं। उनके खिलाफ विवादास्पद टिप्पणियों से संबंधित कई मामले लंबित हैं।
महापंचायत को लेकर शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैयारी पूरी है। अतिरिक्त फोर्स भी मिल गई है। प्वाइंट वाइज ड्यूटी लगाने के साथ महापंचायत आयोजकों से भी वार्ता कर शर्तों का पालन करने को कहा गया है।
-सरिता डोबाल, एसपी उत्तरकाशी