उत्तरकाशी। बालिकाओं को भविष्य में सर्वाइकल कैंसर के जोखिम से बचाने की दिशा में उत्तरकाशी ने महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। भारत सरकार के वर्ष 2026 के एचपीवी टीकाकरण अभियान के तहत जनपद में 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की लक्षित सभी 2,821 बालिकाओं का टीकाकरण पूरा कर लिया गया है।
सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में होने वाले गंभीर कैंसर में शामिल है और इसके प्रमुख कारणों में ह्यूमन पैपिलोमावायरस संक्रमण शामिल है। एचपीवी टीकाकरण इस संक्रमण से बचाव में मदद करता है और सर्वाइकल कैंसर के जोखिम को कम करने की महत्वपूर्ण रणनीति है। सीएमओ डॉ. श्याम विजय ने बताया कि उनके मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग की जिला एवं ब्लॉक स्तरीय टीमों के समन्वित प्रयासों, प्रभावी कार्ययोजना और प्रतिबद्धता से यह लक्ष्य हासिल हुआ है। उन्होंने जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. पीएस पोखरियाल, सहायक जिला प्रतिरक्षण अधिकारी संजय बिजलवान, प्रीति गौर, वैक्सीन कोल्ड चेन मैनेजर एमपी भट्ट सहित सभी प्रतिरक्षण टीमों और स्वास्थ्यकर्मियों को बधाई दी। संवाद