सिक्योर हिमालय परियोजना के तहत गंगोत्री सिक्योर बहुद्देशीय स्वायत्त सहकारिता का गठन किया गया, जिसमें उमेश पंवार अध्यक्ष व चतर सिंह रावत महासचिव चुने गए।
शनिवार को संस्था की पहल पर आयोजित बैठक में समन्वयक उम्मेद धाकड़ ने बताया कि सहकारिता का उद्देश्य क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण के साथ ही गैर कृषि परंपरागत व्यवसायों को बढ़ावा देना है। बैठक में सहकारिता की नियमावली तैयार करने के साथ ही 15 सदस्यीय निदेशक मंडल का गठन किया गया। इसमें सर्वसम्मति से अध्यक्ष व महासचिव के अलावा माधवेंद्र रावत उपाध्यक्ष, नवीन रावत कोषाध्यक्ष चुने गए। बगोरी गांव की विजेता देवी को हथकरघा, मुखबा की कुशला देवी को प्रोसेसिंग, भंगेली के संदीप राणा को ईको टूरिज्म व संजय पंवार को हस्तशिल्प का संयुक्त सचिव चुना गया। इस मौके पर डीएफओ दीपचंद आर्य, डा. नवीन आनंद, डा.जया पटेल, मेजर आरएस जमनाल, सत्या रावत, कमलेश गुरुरानी, अंबिका, पीएस चौहान, मोहन सिंह राणा आदि मौजूद रहे।
उत्तरकाशी में 25 व 26 को फिल्म फेस्टिवल
सिक्योर हिमालय परियोजना के तहत आगामी 25 व 26 फरवरी को सीएमएस वातावरण की ओर से कलक्ट्रेट ऑडिटोरियम में ट्रैवलिंग फिल्म फेस्टिवल एंड फोरम का आयोजन किया जाएगा। सीएमएस वातावरण के डीजी पीएन वासंती ने बताया कि फेस्टिवल में पर्यावरणीय मुद्दों, जलवायु परिवर्तन, जल, वन एवं वन्य जीव संरक्षण आदि विषयों पर बनी फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा। साथ ही स्कूली बच्चों के बीच क्विज एवं पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन भी किया जाएगा। ग्रीन फिल्म मेकिंग वर्कशॉप लगाकर फिल्म निर्माण का बेसिक प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।