थाना कोतवाली उत्तरकाशी और स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) की संयुक्त टीम ने दो युवकों को 200 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की कीमत 25 से 30 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस पूछताछ में दोनों ने हरिद्वार के एक व्यक्ति से स्मैक खरीदने की बात कही है, जिसके खिलाफ पुलिस में पहले से एनडीपीएस, आबकारी आदि से संबंधित कुल 39 केस दर्ज हैं।
रविवार को एसपी प्रदीप राय ने प्रेसवार्ता करते हुए नशा तस्करों के खिलाफ अभियान में पुलिस को मिली सफलता की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गत दिवस धरासू बैंड की ओर से देवीधार शनि मंदिर डुंडा के पास हरियाणा नंबर की मोटर साइकिल पर सवार दो युवकों को संदेह के आधार पर रोका गया। तलाशी के दौरान दोनों के कब्जे से 100-100 ग्राम स्मैक बरामद हुई, जिस पर अमन कुमार निवासी ग्राम झापुर करनाल हरियाणा व नियाज निवासी ग्राम ढंढेरा रुड़की हरिद्वार के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज किया गया।
पूछताछ में दोनों ने हरिद्वार निवासी युधिष्ठिर नाम के व्यक्ति से स्मैक खरीदने की बात कबूली है, जिसे उत्तरकाशी पहुंचने पर उक्त व्यक्ति के कहने पर ही किसी को देना था। पुलिस टीम की सफलता पर एसपी ने पुलिस टीम को ढाई हजार और डीआईजी गढ़वाल परिक्षेत्र ने पांच हजार का ईनाम दिया है। एसपी राय ने कहा कि मामले में संलिप्त लोगों को कड़ी सजा दिलाने के साथ उनकी संपत्ति जब्त कराने का भी प्रयास किया जाएगा। पुलिस टीम में थाना कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक राजीव रौथाण, एसआई अजय शाह, एसआई संजय शर्मा, कांस्टेबल सतीश भट्ट, भीम सिंह, एसओजी के कांस्टेबल दीपक चौधरी, ओसाफ खान, नरेंद्र पुरी, सुनील राणा, प्रशांत राणा शामिल रहे।