उत्तरकाशी। बीते शुक्रवार देर रात को भागीरथी नदी के बीच टापू में मुंबई से आए दो यात्री फंस गए। सूचना मिलने पर पुलिस, एसडीआरएफ और आपदा प्रबंधन टीम मौके पर पहुंची और उन्हें वहां से सुरक्षित रेस्क्यू किया गया। अंधेरा और नदी का तेज बहाव के कारण रात में रेस्क्यू अभियान काफी मुश्किल रहा लेकिन टीमों ने सूझबूझ और तत्परता से दोनों श्रद्धालुओं की जान बचा ली।
शुक्रवार रात डायल 112 पर सूचना मिली कि संस्कृत महाविद्यालय के नीचे भागीरथी नदी के बीच बने टापू पर दो श्रद्धालु फंस गए थे। सूचना मिलते ही कोतवाली उत्तरकाशी पुलिस, एसडीआरएफ और आपदा प्रबंधन क्यूआरटी टीम मौके पर पहुंची। अंधेरे में टीम ने रोप रेस्क्यू और लाइफ जैकेट की मदद से नदी के बीच टापू तक पहुंच बनाई।
तेज बहाव के बीच काफी सावधानी से दोनों श्रद्धालुओं को बाहर निकाला गया। कुछ देर चले रेस्क्यू अभियान के बाद दोनों को सकुशल सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। यात्रियों ने बताया कि वे घूमने और स्नान करने के लिए नदी में गए थे लेकिन अचानक वहीं फंस गए। संवाद