यमुनोत्री हाईवे पर खरादी कस्बे में सड़क किनारे जमा मलबा और पत्थरों के ढेर तथा अधूरा पड़ा स्कबर हादसों को न्योता दे रहा है। मांग करने पर भी कार्रवाई नहीं होने से क्षेत्रवासियों में रोष है।
अगस्त 2012 और जून 2013 की आपदा में तबाह हुए खरादी कस्बे में सड़क का पुनर्निर्माण और पानी की निकासी के लिए स्कबर आदि का निर्माण कार्य आधा अधूरा पड़ा है। यहां सड़क किनारे जमा मलबा और पत्थरों के ढेर जाम की समस्या पैदा कर रहे हैं।
पहाड़ी से आने वाले पानी की निकासी के लिए हाईवे पर बनाया जा रहा स्कबर लंबे समय से अधूरा पड़ा है। होटल व्यवसायी मोहन पंवार, केंद्र सिंह, विरेंद्र सिंह आदि ने बताया कि खरादी वाले हिस्से में हाईवे दुरस्तीकरण का कार्य सुस्त रफ्तार से चल रहे है।
राजमार्ग खंड के जेई रमेश भारती ने बताया कि स्कबर निर्माण में एक बड़ा बोल्डर आड़े आ रहा है। इसे शीघ्र ब्लास्टिंग से तुड़वाकर स्कबर का निर्माण कराया जाएगा। हाईवे के किनारे जमा मलबा और पत्थर शीघ्र हटवाए जा रहे हैं।