घर से बिना बताए निकले तीन किशोरों को डुंडा चौकी पुलिस ने हरिद्वार से सकुशल बरामद किया है। उन्हें उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।
गत बुधवार को एक व्यक्ति ने डुंडा चौकी में उसकी मौसी की नाबालिग लड़की के घर से बिना बताये कहीं चले जाने की मौखिक सूचना दी थी। एक अन्य व्यक्ति के द्वारा भी चौकी में अपने नाबालिग पुत्र व गांव के एक अन्य किशोर के भी बिना बताए कहीं चले जाने के संबंध में सूचना दी। एसपी मणिकांत मिश्रा ने मामले की जानकारी मिलते ही थानाध्यक्ष थाना कोतवाली उत्तरकाशी, डुंडा चौकी प्रभारी व एसओजी को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए। जिस पर लोकेशन ट्रेसिंग के आधार पर तीनों किशोरों को कुछ घण्टों के अंदर ही गुरुवार को हरिद्वार पुलिस के सहयोग से हरिद्वार से सकुशल बरामद कर उनके परिजनों के सुपुर्द किया गया। पुलिस टीम में डुंडा चौकी प्रभारी संजय शर्मा, महिला कांस्टेबल कविता, कांस्टेबल मेहरवान, राजेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।