कई बार शासन-प्रशासन से पत्राचार के बाद भी नहीं हो पाया है काम
उत्तरकाशी। धरासू-जोगत मोटर मार्ग पर तुल्याड़ा गांव के समीप पिराड़ा क्षेत्र में वर्षों से सक्रिय भूस्खलन एवं डेंजर जोन ग्रामीणों के लिए लगातार खतरा बना हुआ है। हर दिन लोग वहां पर जान जोखिम में डालकर आवाजाही करने को मजबूर हैं लेकिन कई बार शासन-प्रशासन से पत्राचार के बाद भी वहां पर मरम्मतीकरण और सुरक्षात्मक कार्य नहींं हो पा रहा है।
कनिष्ठ प्रमुख भानुप्रिया थपलियाल, हरीश थपलियाल, अनिल पंवार, विजयपाल परमार, राहुल रजवार, शुभम रावत का कहना है कि वर्षों से शासन-प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से तुल्याड़ा के समीप मोटर पुल निर्माण की मांग कर रहे हैं लेकिन इस पर अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हो रही है।
पुल के निर्माण से भूस्खलन जोन से भी सुरक्षा हो जाएगी। आजकल बरसात में भूस्खलन और पत्थर गिरने से लोगों में हर समय दुर्घटना का डर बना है। भानुप्रिया थपलियाल ने कहा कि अगर जल्द ही तुल्याड़ा में मोटर पुल निर्माण की स्वीकृति और कार्य शुरू नहीं किया गया तो वे उग्र आंदोलन करेंगे। गत सप्ताह वहां पर बोल्डर आने के कारण एक व्यक्ति खाई में गिरने से गंभीर घायल हो गया था।