उत्तरकाशी। ओडिशा सरकार की ओर से बामसेफ और मूल निवासी संघ का 42वां राष्ट्रीय अधिवेशन निरस्त होने पर संगठन से जुड़े लोगों में आक्रोश है। इसके विरोध में भारत मुक्ति मोर्चा के बैनर तले लोगों ने कलेक्ट्रेट परिसर मेें एक दिवसीय धरना दिया। उन्होंने फिर से ओडिशा सरकार से अधिवेशन की अनुमति देने की मांग रखी।
बृहस्पतिवार को भारत मुक्ति मोर्चा के जिला संयोजक चमन लाल शाह के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट परिसर में एक दिवसीय धरना दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि कटक ओडिशा में बामसेफ और मूल निवासी संघ का 42वां राष्ट्रीय अधिवेशन वहां की सरकार ने नहीं होने दिया जबकि पहले ही सरकार से अधिवेशन की अनुमति ली गई थी।
कहा कि वहां की सरकार को दोबारा से अधिवेशन की अनुमति देनी होगी। ऐसा नहीं किया गया तो आंदोलन को पूरे देश में विस्तार दिया जाएगा। जिला संयोजक चमन लाल ने बताया कि आंदोलन के क्रम में आगामी 22 जनवरी को रैली निकाली जाएगी। 22 फरवरी को नागपुर में घेराव कार्यक्रम भी तय किया गया। यह आंदोलन देश के 557 जिलों में किया जा रहा है। धरना देने वालों में प्रदेश अध्यक्ष अंबिका लाल, जिला संयोजक चमन लाल, बिजेंद्र लाल, भागीरथ, पुष्पलाल, रमेश राज, गैणालाल, आमेंद्र आदि थे। संवाद