कोटि कोटियाल गांव की महिलाओं ने डीएम से की मुलाकात
उत्तरकाशी। जनपद मुख्यालय से सटे कोटि कोटियाल गांव की महिलाओं ने डीएम से मुलाकात कर नेहरू पर्वतारोहण संस्थान में स्थानीय लोगों को नौकरी में वरियता देने की मांग की है। उनका कहना है कि संस्थान के लिए ग्रामीणों ने उस समय कम दाम में अपनी भूमि दी थी। उस समय कहा गया था कि स्थानीय लोगों को नौकरी में वरियता दी जाएगी लेकिन अब अधिकारियों की ओर से बैक डोर और अपने चहेतों के कारण स्थानीय युवाओं को हटाया जा रहा है।
कोेटि कोटियाल गांव की महिलाओं ने जिलाधिकारी प्रशांत आर्य से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि नेहरू पर्वतारोहण संस्थान में जो संविदा और दैनिक श्रमिक कार्य कर रहे थे। उन्हें दो माह पहले ही हटा दिया गया जबकि न्यायालय का आदेश है कि दस वर्ष से अधिक कार्य करने वाले संविदा और दैनिक श्रमिकों को नियमित किया जाए लेकिन निम के अधिकारियों की ओर से स्थानीय लोगों के रोजगार पर कुठाराघात किया जा रहा है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि 2015 से 18 तक बिना विज्ञप्ति के बैकडोर से कई लोगों को नियुक्ति दी गई। दूसरी ओर 2018 से 23 तक अपने चहेतों को अधिकारियों ने बिना विज्ञप्ति के ही फर्जी दस्तावेज तैयार कर नौकरी दी गई। महिलाओं ने आरोप लगाया कि संंस्थान की ओर से वन भूमि पर कब्जा किया गया है। इसलिए उन्हें चारेपत्ती, लकड़ी आदि के लिए भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस मौके पर पार्वती, इंदिरा, मधुबाला, धर्मा देवी, सुरभी, प्रेमवती, बीना आदि मौजूद रहे।