ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को भेजा ज्ञापन
उत्तरकाशी। नाल्ड सहित गणेशपुर, नेताला के ग्रामीणों ने अयाणा बुग्याल को पर्यटक स्थल घोषित करने की मांग की है। उनका कहना है कि वहां पर माता अयाणा मंदिर के साथ ही स्वामी प्रेमानंद सरस्वती महाराज की तपस्थली भी है। वहीं हर वर्ष वहां पर ग्रामीण नवरात्र की पूजा करने के लिए भी जाते हैं। यह स्थान डोडीताल और दयारा बुग्याल की ऊंचाई पर स्थित है। इसलिए यहां पर शीतकालीन में भी ट्रैकिंग के माध्यम से पर्यटन को बढ़ावा दिया जा सकता है।
स्थानीय निवासी राममोहन सिंह रावत व राजवीर, ग्राम प्रधान गणेशपुर अरविंद रावत, अखिलोश, विमल राणा, जगतराम प्रसाद आदि का कहना है कि अयाणा में सिद्धपीठ देवी का मंदिर है। हर वर्ष नाल्ड गणेशपुर के आराध्य देव डोलियां वहां पर यात्रा करती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अयाण बुग्याल डोडीताल और दयारा के बीच में स्थित है। इसलिए अगर इसे प्रशासन और पर्यटन विभाग की मदद से विकसित किया जाता है तो डोडीताल से अयाणा और दयारा बुग्याल तक एक पर्यटन सर्किट के रूप में इसे विकसित किया जा सकता है।
उन्होंने जिलाधिकारी को दिए ज्ञापन में मांग की है कि अयाणा बुग्याल के विकास के बाद जनपद में शीतकालीन पर्यटन को विकसित करने के लिए नया स्थान भी मिल जाएगा। जिलाधिकारी ने ग्रामीणों की मांग पर पर्यटन अधिकारी को इस संबंध में काम करने के निर्देश दिए हैं।