एसडीआरएफ के जवानों ने यात्रियों को लाउड स्पीकर से किया सतर्क
उत्तरकाशी। शनिवार दोपहर में गंगोत्री धाम में अचानक गंगा जलस्तर बढ़ गया। स्थिति को देखते हुए मौके पर मौजूद एसडीआरएफ के जवानों ने लाउड स्पीकर के माध्यम से यात्रियों को नदी से हटने और सुरक्षित स्थानों पर गंगा स्नान करने की हिदायत दी। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से गंगोत्री धाम सहित कनखू आदि के समीप अर्ली वार्निंग सिस्टम लगाने की मांग की है। कहा कि गर्मी और बरसात में अचानक नदी का जलस्तर बढ़ जाता है।
शनिवार को गंगोत्री धाम में अचानक नदी का जलस्तर बढ़ गया। इस दौरान हजारों श्रद्धालु गंगा में स्नान व पूजा अर्चना कर रहे थे। स्थिति को देखते हुए घाटों पर मौजूद एसडीआरएफ जवानों ने लाउड स्पीकर के माध्यम से यात्रियों को खतरे से आगाह करवाया। उन्होंने नीचले और नदी के दूसरी ओर मौजूद लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने को कहा। हालांकि इस दौरान किसी प्रकार की अनहोनी नहीं हुई।
स्थानीय लोगों के अनुसार गर्मी के मौसम मेंं तापमान बढ़ने के कारण ऊंचाई वाले इलाकों में ग्लेशियर पिघलने और टूटने के कारण अचानक नदी का जलस्तर बढ़ जाता है। साथ ही मानसून सीजन में भी अचानक पानी बढ़ जाता है। इस दौरान बीते वर्षों में कई घटनाएं देखने को मिली है। लेकिन इससे बचने के लिए आज तक किसी प्रकार के उपाय नहीं किए गए।
तीर्थ पुरोहितों का कहना है कि गंगोत्री धाम सहित इससे ऊपर कनखू आदि स्थानों पर अर्ली वार्निंग सिस्टम लगवाना चाहिए। इससे मानसून सीजन और नदी के जलस्तर बढ़ने पर लोगों को खतरे की जानकारी पहले हो जाएगी। डीएम प्रशांत आर्य का कहना है कि गंगोत्री धाम में अभी अर्ली वार्निंग सिस्टम प्रस्तावित नहीं है। लोगों की मांग के अनुरूप इस पर विचार किया जाएगा।