अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस पर आयोजित किया गया कार्यक्रम
बड़कोट। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज बड़कोट में अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। वहीं छात्राओं को विधिक अधिकारों, सुरक्षा कानूनों, आत्मनिर्भरता और महिला सशक्तिकरण से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
जीजीआईसी बड़कोट में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ एसडीएम बृजेश कुमार तिवारी ने किया। इस दौरान छात्राओं ने रवांई, जौनपुरी और हिमाचली गीतों पर लोक नृत्य, कविता और एकल गीत की मनमोहक प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया। वहीं एसडीएम बृजेश कुमार तिवारी ने कहा कि बालिकाओं को शिक्षित, आत्मनिर्भर और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होना चाहिए। कहा कि प्रशासन और पुलिस सदैव उनकी सहायता के लिए तत्पर है।
प्राधिकरण के पीएलवी सुनील थपलियाल ने बालिकाओं और महिलाओं के विधिक अधिकारों के साथ डालसा की ओर से दी जाने वाली निशुल्क विधिक सहायता सेवाओं के बारे में जानकारी दी। वहीं मुख्य वक्ता डॉ. अंजू भट्ट ने बालिकाओं के अधिकारों के साथ-साथ गुड टच-बैड टच पर उपयोगी जानकारी दी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़कोट से डॉ. स्मृति रावत ने छात्राओं को स्वास्थ्य एवं हार्मोनल बदलाव के दौरान सावधानियों के प्रति जागरूक किया।
थाना बड़कोट के दरोगा दिगपाल सिंह ने बालिकाओं को बालिकाओं को बालिका संरक्षण कानून, पॉक्सो एक्ट, 112 और 100 नंबर के माध्यम से त्वरित सहायता प्राप्त करने की जानकारी दी। न्यायिक विभाग से अनोज रावत ने बालिका सुरक्षा पर जानकारी दी। इस मौके पर पीटीए अध्यक्ष गीताराम गैरोला, प्रधानाचार्य शोभना थापा, तहसीलदार प्रभारी सुखवीर असवाल, डॉ. स्मृति रावत, अनोज सिंह, गीताराम गैरोला, सतीष भूषण, सुरेश, महावीर आदि मौजूद रहे।