मोरी ब्लाक के भितरी गांव में शुक्रवार को हुए अग्निकांड में घर मय सामान स्वाह होने से आठ परिवारों के सामने जीवन यापन का संकट पैदा हो गया है।
प्रशासन ने परिवारों को अहेतुक सहायता, चार-चार कंबल और एक-एक टेंट मुहैया करा दिए हैं।
शुक्रवार को भितरी गांव में हुए अग्निकांड में रूपचंद, रतनी देवी, ज्ञानचंद, दुरियालाल, नरेंद्र लाल, पूरण लाल, सुनपुरू और श्याम चंद के मकान मय सामान जलकर राख हो गया।
कड़ाके की ठंड में सिर छिपाने का ठिकाना नहीं होने पर पीड़ितों ने लोगों को शरण ले रखी है। गांव के पूर्व सैन्य अधिकारी हरबन सिंह चौहान ने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को समुचित सहायता मुहैया कराने की मांग की है।
तहसीलदार यशवीर सिंह ने बताया कि अग्निकांड में आठ मकान पूर्ण तथा एक आंशिक रूप से प्रभावित हुआ है। क्षति का आंकलन कर रिपोर्ट जिला प्रशासन को भेज दी है।
अग्निकांड पीड़ित परिवारों को 3800-3800 रुपये अहेतुक सहायता के साथ ही चार-चार कंबल और एक-एक टेंट मुहैया करा दिया है।