नौगांव। लॉक डाउन के दौरान दो वक्त की रोटी के संकट से जूझ रहे मजदूरों की मदद के लिए नौगांव नगर का युवक नितिन रमोला आगे आया है। नया मोबाइल फोन खरीदने के लिए इकठ्ठे किए पैसों से रसद खरीद कर नितिन इसे मजदूरों को बांट दिया।
कोरोना संक्रमण के इस दौर में बड़ी संख्या में लोग असहाय लोगों की मदद के लिए आगे आए हैं। नौगांव निवासी बीकॉम स्नातक नितिन रमोला ने नया मोबाइल फोन खरीदने के लिए करीब दस हजार रुपये एकत्र किए थे। इस बीच कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए लॉक डाउन किए जाने पर जब उसने दिहाड़ी मजदूरों की समस्या देखी तो उसने मजदूरों की मदद करने का निर्णय लिया। मोबाइल के लिए एकत्र पैसों से उसने आटा, चावल, तेल, मसाला, नमक एवं साबुन खरीद कर इसकी किट तैयार की। जिसमें एक व्यक्ति के लिए 2-3 दिन का राशन है। यह किट उसने अपने साथी पॉलीटेक्निक के छात्र रोहित रावत एवं शिवम चौहान की मदद से रोजी रोटी के संकट से गुजर रहे एक दर्जन मजदूरों को वितरित किए। इसके साथ ही इन युवकों ने पैदल ही अपने घरों को लौटते हुए नौगांव से गुजर रहे बीस लोगों को शिव मंदिर परिसर में खाना बनाकर खिलाया। नितिन ने बताया कि वह प्रशासन से अनुमति लेकर मदद कार्य कर रहा है। अपनी जेब का पैसा खत्म होने पर अब वह नगर के अन्य गणमान्य लोगों से सहायता लेकर लॉक डाउन अवधि में इसी तरह असहाय लोगों तक मदद पहुंचाने की कोशिश में जुटा है।