श्रीदेव सुमन विवि से खाली करवाया था गढ़वाल विवि ने कुलपति आवास
नई टिहरी। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विवि के स्वामी रामतीर्थ परिसर बादशाहीथौल में स्थित कुलपति का पुराना भवन अब आधुनिक सुविधायुक्त अतिथि गृह के रूप में विकसित किया जाएगा। इस कार्य के लिए विवि को 25 लाख रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है। निविदा प्रक्रिया पूरी कर विवि प्रशासन ने आगामी जुलाई से निर्माण कार्य आरंभ करने का निर्णय लिया है।
स्वामी रामतीर्थ परिसर बादशाहीथौल में स्थित यह भवन वर्षों से उपयोग में नहीं आ पा रहा था। 2012 में श्रीदेव सुमन विवि के गठन के बाद इस भवन को अस्थायी रूप से कुलपति के आवास के लिए उपलब्ध कराया गया था। वर्ष 2024 में गढ़वाल विवि ने श्रीदेव सुमन विवि को नोटिस जारी कर भवन को खाली कर उसे अतिथि गृह के रूप में विकसित करने की बात कही थी।
वर्तमान में भवन लंबे समय से खाली पड़ा था और उसकी देखरेख भी नहीं हो रही थी। अब भवन को पुनः उपयोग में लाने के लिए गढ़वाल विवि ने कवायद शुरू कर दी है। स्वामी रामतीर्थ परिसर के निदेशक प्रो. एए बौड़ाई ने बताया कि नए हाईटेक अतिथि गृह में बाहर से आने वाले अतिथि शिक्षकों को परिसर के भीतर ही बेहतर आवासीय सुविधा मिल सकेगी। परिसर में समय-समय पर दूसरे विश्वविद्यालयों से अतिथि शिक्षक आते रहते हैं। हालांकि परिसर में पहले से एक छोटा पुराना अतिथि गृह है, लेकिन उसमें सुविधाओं का अभाव है।