वार्ड नंबर छह के खेल मैदान के पास बनाया जा रहा है 72.13 लाख का पार्क
पुरोला। गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर नगर पालिका क्षेत्र के नगरवासियों को विकास की सौगात मिली। रविवार को पालिका अध्यक्ष बिहारी लाल शाह ने वार्ड नंबर छह स्थित खेल मैदान के समीप 72.13 लाख रुपये की लागत से बनने वाले देव भूमि रजत जयंती पार्क का विधिवत पूजा अर्चना के साथ शिलान्यास किया। इसके साथ ही 142.18 लाख रुपये की लागत से निर्मित विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया।
रविवार को आयोजित कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष बिहारी लाल शाह ने कहा कि उनका उद्देश्य नगर पालिका क्षेत्र को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने के साथ-साथ मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करना है। बीते एक वर्ष में करोड़ों रुपये के विकास कार्य पूरे किए गए हैं जो कई कार्य वर्तमान में प्रगति पर हैं। इसके साथ ही नगर के सर्वांगीण विकास के लिए दलगत राजनीति से ऊपर उठकर सभी जनप्रतिनिधियों का सहयोग लिया जा रहा है और आगे भी यह सहयोग जारी रहेगा।
वहीं, उन्होंने नगर पालिका के वार्ड संख्या–7, 4 और 5 में लगभग 142.18 लाख रुपये की लागत से निर्मित विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया। इन कार्यों में सड़कों का चौड़ीकरण, इंटरलॉकिंग टाइल्स बिछाने, नालियों और आवागमन मार्गों का निर्माण शामिल है जिससे आमजन को सुगम यातायात और बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इस मौके पर सभासद अनुराधा गुसाईं, मनोज हिमानी, करुणा बिष्ट, पूनम नेगी, अजयपाल, जगदेव, संदीप रावत, भूपाल सिंह गुसाईं, ओमी रावत, अंकित पंवार, बद्री प्रसाद आदि मौजूद रहे।