जिले में नवरात्र के अंतिम दिन देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की खूब भीड़ उमड़ी। नगर में देवी भक्तों ने हरियाली काटकर कन्याओं का पूजन भी किया।
जिले में कुटेटी देवी, महिषासुर मर्दिनी, शक्ति, काली, चंदोमति माता, नागणी आदि कई देवी मंदिरों में अंतिम दिन श्रद्धालुओं ने पूजा कर माता से सुख-शांति की मनौतियां मांगीं। रामलीला मैदान में रामलीला समिति की ओर से अखंड रामायण पाठ का आयोजन किया गया।
इससे पूर्व नगर में गोस्वामी विद्यामंदिर के छात्राओं ने राम, लक्ष्मण, सीता और हनुमान की शोभा यात्रा निकाली। इधर आईटीबीपी परिसर महिडांडा में राम नवमी पर सीआईजेडब्ल्यू स्कूल के उप महानिरीक्षक जयपाल यादव के नेतृत्व में हिमवीरों तथा उनके परिवार ने दुर्गा मंदिर में कन्याओं का पूजन किया।
इस मौके पर मंदिर में नए झंडे लगाकर भव्य भंडारे का आयोजन किया। इस मौके पर सहायक सेनानी रविशंकर बधानी, अजित, हेमंत कुमार, आशीष कुमार, सुबोध, नरेश कुमार रेडी और विनोद कुमार आदि मौजूद रहे।