उत्तरकाशी और पुरोला में चलाया गया स्वच्छता अभियान
उत्तरकाशी/पुरोला। शीतकालीन यात्रा को देखते हुए और स्वच्छ ग्राम, स्वच्छ निकाय के संकल्प के साथ जनपद में शनिवार को बृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया। यमुनोत्री एवं गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग और प्रमुख यात्रा पड़ावों,बाजारों,कस्बों तथा अन्य सड़क मार्ग के दोनों किनारों पर फैले प्लास्टिक और अन्य कचरे को एकत्रित कर निस्तारण किया गया।
स्वच्छता अभियान 27 सेक्टरों में विभाजित किया गया। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने मांडों गांव, तिलोथ और मानपुर गांव में पहुंचकर अभियान में शामिल हुए। उन्होंने टीमों के साथ मिलकर सड़क के किनारों एवं सार्वजनिक स्थलों पर फैले कूड़े को एकत्र किया। अभियान के दौरान करीब 27 बोरे अनिस्तारित प्लास्टिक और अन्य कचरा एकत्र कर निस्तारण के लिए भेजा गया। अन्य 26 सेक्टरों में करीब 580 बोरे कूड़े के एकत्रित किए गए जिसका निस्तारण किया गया।
दूसरी ओर पुरोला विकासखंड के सेक्टर 17 और सांकरी क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाया गया। दो अलग-अलग स्थानों पर आयोजित अभियानों का उद्देश्य स्वच्छता बढ़ाना, पर्यावरण संरक्षण, मानव–वन्य जीव संघर्ष की रोकथाम तथा स्थानीय समुदाय को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना रहा। सेक्टर 17 के अंतर्गत सुनाली बाजार, धीवरा बाजार, सुकडाला डेरिका बाजार, रामा बैंड अमृत सरोवर, जरमौला टॉप और खारसाड़ी बाजार में सफाई कार्य किया गया। संवाद