पुरोला। मोरी ब्लॉक के आराकोट क्षेत्र की लंबे समय से प्रतीक्षित रवाधार रोड के निर्माण की घोषणा से क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर है। रवाधार क्षेत्र को बागवानी के लिए काफी प्रसिद्ध माना जाता है। ग्रामीणों ने सीएम की घोषणा में सड़क को शामिल करवाने पर विधायक दुर्गेश्वर लाल का आभार जताया।
आराकोट क्षेत्र के माकुड़ी, डगोली, किराणू, आराकोट, भुटाणू और रवाधार की ग्राम सभाओं को सड़क बनने से लाभ मिलेगा। रवाधार क्षेत्र में प्रतिवर्ष लगभग 40 से 50 हजार बॉक्स सेब का उत्पादन होता है लेकिन सड़क सुविधा के अभाव में किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था।
रोड निर्माण से सेब सहित अन्य फल-सब्जियों के परिवहन में सुविधा मिलेगी। इससे बागवानों की आय में वृद्धि होने की उम्मीद है। राज्य आंदोलनकारी प्रमोद रावत ने बताया कि वह पिछले कई वर्षों से रवाधार रोड निर्माण की मांग को लेकर लगातार प्रयासरत थे। क्षेत्र के मनोज रावत, करतार रावत, राजेंद्र राणा, किशन चौहान आदि का कहना है कि सड़क निर्माण से न केवल बागवानी को बढ़ावा मिलेगा। इससे रवाधार और आसपास के गांवों के समग्र विकास का मार्ग प्रशस्त होगा। संवाद