घनसाली (टिहरी)। भिलंगना ब्लॉक के श्रीकोट गांव बासर में सरकार जनता के द्वार कार्यक्रम शिविर महज औपचारिकता तक सीमित रहा। शिविर में मात्र तीन विभागों के कर्मचारी पहुंचे। अधिकारियों के न आने से ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान नहीं हो पाया। ग्राम प्रधान यशोदा देवी, मधु देवी ने कहा कि शिविर में करीब 18 विभागों के अधिकारी और कर्मचारियों को पहुंचना था। लेकिन मात्र तीन विभागों के अधिकारियों के प्रतिनिधि ही पहुंचे। जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ़ सुभाष चंद्रा को शिविर का नोडल अधिकारी बनाया गया था। शिविर में ग्रामीणों ने नैक्वाड़ा सड़क निर्माण सहित कई अन्य मुद्दे उठाए। नोडल अधिकारी चंद्रा ने ग्रामीणों को भरोसा दिया कि शिविर में उठाई गई समस्याओं को संबंधित विभाग को भेजकर समस्याओं का निस्तारण किया जाएगा। इस मौके पर चतर सिंह, भरत सिंह, बर्फ सिंह, नेहा, बलमा देवी कमला देवी आदि मौजूद थे। संवाद