विधायक ने उठाए सवाल, लोगों की उम्मीदों पर फिरा पानी
बड़कोट। यमुनोत्री धाम के प्रमुख पड़ाव बड़कोट स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अल्ट्रासाउंड मशीन लगाने की वर्षों पुरानी मांग एक बार फिर अधर में लटक गई है। जिला योजना के तहत मशीन के लिए स्वीकृत 20 लाख का बजट बाद में शून्य कर दिए जाने से क्षेत्र के लोगों को निराशा हाथ लगी है। मामले को लेकर अब राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप भी शुरू हो गए हैं।
यमुनोत्री विधायक संजय डोभाल ने इस बार जिला योजना में सीएचसी बड़कोट के लिए अल्ट्रासाउंड मशीन खरीदने का 25 लाख का प्रस्ताव रखा था। इसमें से 20 लाख स्वीकृत भी हुए थे लेकिन जिला योजना के बजट आवंटन में अनियमितताओं की शिकायतों के बाद उठे विवाद के बीच मशीन के लिए स्वीकृत धनराशि शून्य कर दी गई।
विधायक ने बजट निरस्त किए जाने पर सवाल उठाते हुए प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा के स्वास्थ्य और शिक्षा को प्राथमिकता देने संबंधी दावों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सुविधा के लिए स्वीकृत बजट को समाप्त करना क्षेत्र की जनता के हित में नहीं है। वहीं, स्थानीय अजय रावत ने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं के मामले में राजनीति नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सरकार से अल्ट्रासाउंड मशीन का बजट दोबारा स्वीकृत करने के साथ सीएचसी में विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति की मांग की।