नवोदय विद्यालय की मेस में काम करता था युवक
परिजनों ने बताया, बसंत नगर के तीन युवकों ने की थी युवक से मारपीट
पुरोला। नवोदय विद्यालय की मेस में काम करने वाले युवक का शव रविवार देर शाम संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ से लटका मिला। युवक के परिजनों ने दो दिन पहले बसंत नगर के तीन युवकों के खिलाफ विद्यालय कैंपस में आकर मारपीट करने का आरोप लगाकर पुरोला थाने में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रदीप सिंह पंवार पुत्र सोवेंद्र पंवार निवासी ग्राम मठ तहसील पुरोला नवोदय विद्यालय में छात्रों की मैस में पिछले तीन साल से काम करता था। शनिवार को प्रदीप सिंह पंवार के साथ बसंत नगर निवासी तीन युवकों ने कथित तौर पर मारपीट की थी। इस घटना के बाद मृतक के परिजनों ने शनिवार को ही थाना पुरोला में तीनों युवकों के खिलाफ मारपीट की तहरीर दी जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
रविवार देर शाम प्रदीप का शव संदिग्ध परिस्थितियों में एक पेड़ से लटका मिला। वहीं घटना से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। प्रदीप के परिजनों का आरोप है कि शनिवार को हुई मारपीट और उसके बाद मिली प्रताड़ना के कारण प्रदीप गहरे मानसिक तनाव में था। इसके चलते उसने यह आत्मघाती कदम उठाया। उन्होंने मारपीट करने वाले बसंत नगर के युवकों को प्रदीप की मौत का जिम्मेदार ठहराया है।
वहीं नवोदय विद्यालय के प्राचार्य अमरीश चौहान ने बताया कि प्रदीप ठेकेदार के श्रमिक के तौर पर छात्रों की मेस में काम करता था। शनिवार को कुछ लोगों द्वारा प्रदीप के साथ मारपीट की जानकारी मिलने के बाद उसे मामला निपटाने के लिए घर भेज दिया गया था। रविवार को प्रदीप का शव पेड़ से लटका होने की सूचना मिली।
वहीं थानाध्यक्ष मोहन सिंह कठैत ने बताया कि शनिवार को प्रदीप के परिजनों की तहरीर पर मामला दर्ज कर जांच की जा रही थी। रविवार को शव मिलने की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर उप जिला चिकित्सालय पुरोला में पंचनामा किया गया। उन्होंने कहा कि तहरीर और बदले हुए घटनाक्रम को देखते हुए सभी पहलुओं से मामले की गहनता से जांच की जा रही है।